बालोतरा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को 4 जुलाई को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सेंट्रल कंट्रोल यूनिट का निरीक्षण किया, जहां अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और विभिन्न सह-उत्पादों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच व्यवस्था, आमजन की बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गेट नंबर-7 से कार्यक्रम स्थल तक सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाए, ताकि आमजन को “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम के तहत जानकारी मिल सके। उन्होंने पर्याप्त संकेतक, मेडिकल सुविधा, डॉक्टरों की तैनाती, पेयजल व्यवस्था और आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मां सांभरा आशापुरा मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की और मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए DPR तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.