Download App Now Register Now

कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैवलर नाले में गिरा; 8 लोगों की मौत, 17 घायल

कोटा, राजस्थान। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा ट्रैवलर वाहन पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। मृतकों और घायलों के मध्य प्रदेश के बैतूल से होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे कराड़िया टोल के पास हुआ। ट्रैवलर में सवार लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। वे शुक्रवार शाम करीब 7 बजे भोपाल से राजस्थान के चार दिवसीय दौरे पर निकले थे। यात्रा के पहले दिन सभी खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

खिड़कियों के शीशे तोड़कर निकाले गए घायल

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में मदद की। घायलों को बाहर निकालने के लिए वाहन की खिड़कियों के शीशे तोड़े गए। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कुछ देरी हुई।

7 लोगों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई घायल बेहोशी की हालत में लाए गए थे। उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई और कुछ को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और ट्रैवलर का चालक भी शामिल बताया गया है।

ड्राइवर को झपकी आने की आशंका

पुलिस अधिकारियों को शुरुआती तौर पर आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरा होगा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं। इस दुर्घटना ने एक ही यात्रा पर निकले परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत | कोटा में सरपंच-पंच चुनाव: 162 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, 1128 प्रत्याशी मैदान में; 80 साल की सूरजा बाई व्हीलचेयर पर पहुंचीं | जोधपुर की 6 पंचायत समितियों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, 101 साल की दाखू कंवर ने भी डाला वोट | जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, देर रात तक आएंगे नतीजे | सीकर में ईदगाह चौराहे से जैन भवन तक वन-वे व्यवस्था लागू, गलत दिशा में जाने पर पंचर होगा टायर |