जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपुर की ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर करीब 73 साल पुरानी ध्वजारोहण की परंपरा निभाई गई। सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बड़ी चौपड़ पर तिरंगा फहराया। परंपरा के अनुसार सत्ता पक्ष ने पूर्व दिशा की ओर मुख करके ध्वजारोहण किया।
हालांकि, समारोह के दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का प्रस्तुतीकरण अधूरा रह गया। इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने खेद जताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने इसे तकनीकी त्रुटि बताया।
बड़ी चौपड़ पर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से अलग-अलग दिशाओं में ध्वजारोहण करने की परंपरा चली आ रही है। परंपरा के मुताबिक सत्ता पक्ष पूर्व दिशा की ओर मुख करके तिरंगा फहराता है, जबकि विपक्ष दक्षिण दिशा की ओर मुख करके ध्वजारोहण करता है।
इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन किया गया। बड़ी चौपड़ पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद मदन राठौड़ ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को नमन करने का अवसर है।
राठौड़ ने स्वतंत्रता आंदोलन में विभिन्न आंदोलनों और क्रांतिकारी संघर्षों का उल्लेख करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज के योगदान को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत ने लगातार प्रगति की है और अब देश को और मजबूती के साथ आगे ले जाने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के अधूरे प्रस्तुतीकरण को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इस पर मदन राठौड़ ने खेद जताते हुए कहा कि यह तकनीकी त्रुटि के कारण हुआ।
राठौड़ के मुताबिक, कार्यक्रम में जिस वंदे मातरम् का प्रस्तुतीकरण किया जाना था, उसकी जगह वंदे मातरम् की शब्दावली वाला फिल्म का पिक्चराइजेशन गीत चल गया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्रगीत है और तकनीकी त्रुटि के लिए वे माफी मांगते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, सांसद मंजू शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर, भाजपा शहर अध्यक्ष अमित गोयल सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बड़ी चौपड़ पर बड़ी संख्या में लोगों ने ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता दिवस के जश्न के गवाह बने।
कार्यक्रम के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता अचानक गश खाकर गिर गया। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के चलते कुछ देर के लिए समारोह स्थल पर हलचल भी देखने को मिली।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.