बीकानेर/जयपुर, 15 अगस्त। राजस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह के रूप में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पहली बार राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की सुरक्षा, विकास, जल, बिजली, सड़क, किसान, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार संवैधानिक भावना के अनुरूप राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 44 राज्य को सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में प्रयास करने का निर्देश देता है। इसी संवैधानिक भावना के अनुरूप राज्य सरकार राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों के लिए एक समान कानून सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाने के लिए सरकार ने कई बड़े और कड़े फैसले किए हैं। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जबरन पलायन और संपत्तियों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए राजस्थान अशांत क्षेत्र कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोगों को अपने घर, पुश्तैनी जमीन और पहचान छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने धर्मांतरण को लेकर बनाए गए कानून का भी उल्लेख किया और कहा कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित राजस्थान के संकल्प को भी सिद्धि तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने पचपदरा में करीब 79,459 करोड़ रुपये की लागत वाली एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना और माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना का उल्लेख करते हुए इन्हें राजस्थान के विकास का नया इंजन बताया।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के लिए पानी केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, अर्थव्यवस्था और भविष्य का आधार है। सरकार जल सुरक्षा को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 91 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में अब तक 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई की सुविधा मिलने की बात कही गई।
वहीं यमुना जल को राजस्थान तक लाने के लिए करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजना का एमओए होने और शेखावाटी क्षेत्र के करीब 75 लाख लोगों को स्थायी पेयजल सुरक्षा मिलने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब बिजली खरीदने वाले राज्य से बिजली प्रदाता राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान सौर ऊर्जा क्षमता में देश में पहले और अक्षय ऊर्जा क्षमता में दूसरे स्थान पर है।
कुसुम कंपोनेंट-ए और सी में भी राजस्थान को देश में अग्रणी बताते हुए उन्होंने कहा कि 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क और परिवहन क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 31 महीनों में 18 हजार किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण किया गया है।
उन्होंने बताया कि देश में स्वीकृत 10,389 किलोमीटर हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में से 1,192 किलोमीटर राजस्थान में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान खुशहाल होगा तभी राजस्थान खुशहाल होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य में वार्षिक सहायता 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है।
उनके अनुसार अब तक 76 लाख से अधिक किसानों को 3,734 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। वहीं 2 लाख 31 हजार से अधिक नए कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं।
गेहूं पर समर्थन मूल्य से अतिरिक्त 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस और ब्याजमुक्त फसली ऋण से जुड़े आंकड़ों का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के बिना विकसित राजस्थान की कल्पना संभव नहीं है। लाडो प्रोत्साहन योजना, महिला शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और महिला उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि करीब 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनने का प्रशिक्षण दिया गया है और लगभग 19 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन को बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह करने के निर्णय का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान देश की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू होने और करीब 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर काम शुरू होने का दावा किया।
उन्होंने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2030 तक 350 बिलियन डॉलर और वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य की बात कही।
पर्यावरण संरक्षण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अब तक 24 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। सरकार ने प्रदेश में कुल 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
आर्मी बैंड, हाड़ी रानी महिला बटालियन पाइप बैंड, सेंट्रल बैंड और आदर्श विद्या मंदिर बीकानेर के बैंड ने भी प्रस्तुतियां दीं। बीएसएफ के ऊंट दस्ते ने भी आकर्षक प्रदर्शन किया।
समारोह का आरंभ और समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
समारोह के दौरान पंजाब पुलिस, हाड़ी रानी महिला बटालियन, जीआरपी, बीकानेर जिला पुलिस, आरएसी, केंद्रीय कारागार, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी प्रतीक ने किया।
मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। प्रशासन, पुलिस और राजकीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक और योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समाज सेवा, लोक कला, पर्यावरण और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.