एसआईएएम, दुर्गापुरा, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा ने फीता काटकर राजसखी पंच गौरव रथ को रवाना किया।
‘राजसखी पंच गौरव रथ’ के माध्यम से राजीविका से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और विक्रय किया जाएगा। यह रथ जयपुर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचेगा, जिससे ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पाद सीधे शहरी उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेंगे।
रथ में ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएं, खाद्य उत्पाद सहित अन्य स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों की बिक्री से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रत्यक्ष बाजार और ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, उनकी आय में वृद्धि करना और आजीविका के नए अवसर पैदा करना है। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने और आमजन को जिले के विशिष्ट उत्पादों एवं स्थानीय विशेषताओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
‘पंच गौरव’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और जिले की विशिष्ट पहचान को बढ़ावा देने के साथ ही आमजन में इनके प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।
‘राजसखी पंच गौरव रथ’ ग्रामीण महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ‘लोकल फॉर वोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। रथ के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार उत्पादों को शहरी बाजार से जोड़ने से महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने कारोबार के विस्तार का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुष्पेंद्र सिंह, जिला प्रबंधक–आजीविका, इंदिरा शर्मा, सीएलएफ मैनेजर सहित राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.