केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने में युवाशक्ति की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में असीम ऊर्जा और प्रतिभा है और इस ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
शेखावत ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारतीय मूल्यों के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित है। इसके माध्यम से विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पंचायती राज और नगरीय निकायों का परिसीमन जनभावनाओं के अनुरूप किया गया है। प्रदेश सरकार ने शासन और प्रशासन की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में स्थानीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय विषमताओं को ध्यान में रखा गया। छोटी पंचायतों के गठन से सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और बेहतर तरीके से हो सकेगा।
गोलिया मगरा को नवीन ग्राम पंचायत बनाए जाने पर ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि नई ग्राम पंचायत बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की पहुंच को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम राजस्थान के समग्र विकास को नई दिशा देने के साथ ही जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.