मंत्री ने कहा कि रेलवे को रिकॉर्ड में जितनी जमीन आवंटित या अधिग्रहित की गई थी, उससे अधिक क्षेत्र में कब्जा मिलने पर अतिक्रमण दर्ज कर नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। रेलवे अपने पक्ष में दस्तावेज पेश कर सकता है। जेडीए उनकी वैधानिकता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा।
जेडीए ने 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीडब्ल्यूडी पुलिया से बी-2 बाइपास क्षेत्र के निरीक्षण में करीब 64 निर्माण सड़क सीमा में चिह्नित किए गए हैं। इन पर लाल निशान लगाए गए हैं। कुछ स्थानों पर 8 फीट तो कुछ जगह 14 फीट तक का हिस्सा सड़क सीमा में आ रहा है।
जोनल प्लान के अनुसार सड़क को तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा। 22 गोदाम से महेश नगर फाटक तक 2.7 किलोमीटर सड़क 40 फीट चौड़ी होगी। महेश नगर फाटक से गोपालपुरा बाइपास पुलिया तक 1.9 किलोमीटर सड़क की चौड़ाई 60 फीट और गोपालपुरा बाइपास पुलिया से बी-2 बाइपास तक 2.9 किलोमीटर सड़क 80 फीट चौड़ी होगी।
मास्टर प्लान में पहले पूरे रास्ते की चौड़ाई 100 फीट प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में जोनल प्लान में तीन हिस्सों की अलग-अलग चौड़ाई तय की गई।
मंत्री खर्रा ने निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी आगामी कार्रवाई से पहले रेलवे की जमीन के दस्तावेजों की जांच की जाए। पुराने रिकॉर्ड में रेलवे को आवंटित या अधिग्रहित जमीन की चौड़ाई और क्षेत्रफल का पता लगाया जाएगा। दोनों सेटलमेंट रिकॉर्ड का तुलनात्मक अध्ययन करने के बाद मौके पर नाप कराई जाएगी।
रिकॉर्ड और वर्तमान स्थिति में अंतर मिलने तथा आवंटित सीमा से अधिक जमीन पर रेलवे का कब्जा पाए जाने पर संबंधित हिस्से को अतिक्रमण के रूप में दर्ज कर जेडीए नियमों के तहत नोटिस जारी करेगा। रेलवे जमीन से जुड़े साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है। जेडीए उनकी वैधानिकता की जांच करेगा।
मंत्री ने कहा कि पुराने समय में जमीन के आवंटन या सीमांकन में गलती सामने आने पर उस दौर के अधिकारियों से भी बात की जाएगी। जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित पहलुओं पर विचार किया जाएगा। कार्रवाई वास्तविक स्थिति और तथ्यों के आधार पर होगी।
सड़क चौड़ीकरण पूरा होने पर बी-2 बाइपास से 22 गोदाम तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। अभी वाहन चालकों को टोंक रोड के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नया रास्ता विकसित होने से वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और टोंक रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.