उदयपुर में बीजेपी के मेयर प्रत्याशी पारस सिंघवी नामांकन के दौरान भावुक नजर आए। वहीं अलवर में वार्ड-36 से चुनाव हार चुकीं रिंकल गर्ग ने मेयर पद के लिए निर्दलीय नामांकन दाखिल कर सियासी हलचल बढ़ा दी। जैसलमेर में भी चुनाव हार चुके प्रत्याशी निर्मल रैयानी ने कांग्रेस की ओर से नामांकन किया है।
बीकानेर में कांग्रेस ने अनिल कल्ला और बीजेपी ने सुरेंद्र सिंह शेखावत को मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस के नवरतन डागा के निर्दलीय नामांकन से पार्टी के भीतर खींचतान सामने आई है। कुचामन सिटी में बीजेपी ने निर्दलीय पार्षद महेश रामचंद्रका को सभापति पद का प्रत्याशी बनाया है।
भीलवाड़ा में बीजेपी ने जसवंत कंवर को मेयर प्रत्याशी बनाया है। भरतपुर में 36 निर्दलीय पार्षदों की मौजूदगी से मुकाबला अहम हो गया है। दौसा में भी निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अलवर में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाने की कोशिश में हैं।
उधर जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत में री-पोलिंग के चलते मेयर चुनाव की प्रक्रिया फिलहाल आगे बढ़ाई गई है। इन निकायों में 16 सितंबर को पुनर्मतदान और 17 सितंबर को मतगणना होनी है।
अब सभी की नजरें मेयर और सभापति चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं। खास तौर पर उन निकायों में मुकाबला अहम होगा, जहां निर्दलीय और बागी पार्षदों की संख्या पार्टी प्रत्याशियों के लिए समीकरण बदल सकती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.