Download App Now Register Now

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान: अस्पतालों की कैंटीन और आसपास के 172 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, 1500 किलो सामग्री नष्ट

जयपुर, 24 सितंबर। प्रदेश में मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित कैंटीन एवं खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू की गई है। अभियान के पहले दिन प्रदेशभर में 100 से अधिक सरकारी एवं निजी अस्पतालों की कैंटीन/रेस्टोरेंट और आसपास के 172 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के 159 नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि करीब 1500 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर 90 कैंटीन एवं खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता की हुई जांच

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय, रेस्टोरेंट सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और रसोई परिसर की साफ-सफाई की जांच की।

इसके अलावा खाद्य संचालकों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल की गुणवत्ता तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को रखने एवं उनके रखरखाव की व्यवस्था भी जांची गई।

जयपुर के अस्पतालों में भी हुई कार्रवाई

अभियान के तहत जयपुर में महात्मा गांधी हॉस्पिटल, आरयूएचएस हॉस्पिटल, जेईसीआरसी हॉस्पिटल और नारायणा हॉस्पिटल की कैंटीनों तथा इनके आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई।

30 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के अनुसार विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान 24 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए उपचार के साथ सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश देने के साथ आवश्यकता के अनुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत | कोटा में सरपंच-पंच चुनाव: 162 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, 1128 प्रत्याशी मैदान में; 80 साल की सूरजा बाई व्हीलचेयर पर पहुंचीं | जोधपुर की 6 पंचायत समितियों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, 101 साल की दाखू कंवर ने भी डाला वोट | जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, देर रात तक आएंगे नतीजे | सीकर में ईदगाह चौराहे से जैन भवन तक वन-वे व्यवस्था लागू, गलत दिशा में जाने पर पंचर होगा टायर |