नई दिल्ली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और अन्य लोगों ने भाग लिया।
सरदार पटेल ने अखंड भारत का निर्माण किया: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरदार पटेल ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने न केवल देश के इतिहास को बदला, बल्कि भारत के भूगोल की संरचना में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश अनेक रियासतों में बंटा हुआ था। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ नेतृत्व और कुशल रणनीति से इन रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने भारत के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अमित शाह ने कहा कि आजादी के समय दुनिया के कई राजनीतिक विशेषज्ञों को लगता था कि भारत एकजुट नहीं रह पाएगा, लेकिन सरदार पटेल ने आजादी के बाद महज 1,218 दिनों में वह कर दिखाया, जिसे असंभव माना जा रहा था। आज उनका परिकल्पित एकीकृत भारत दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।
नशामुक्त भारत बनाने का किया आह्वान
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में नशामुक्त भारत के लक्ष्य पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ और अब भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।
उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशवासियों से अपील की कि 31 दिसंबर 2029 तक भारत को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के संकल्प में सभी सहभागी बनें। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नशामुक्त भारत का निर्माण एक महत्वपूर्ण चरण है।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.