2026 में सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिली है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब ₹1.33 लाख था, जो अब बढ़कर लगभग ₹1.54 लाख हो गया है। यानी साल की शुरुआत से सोने की कीमत में करीब ₹21 हजार का इजाफा हो चुका है।
सोने के साथ-साथ चांदी में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है। वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी को सोने की कीमतों के लिए अहम सपोर्ट माना जा रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, आम निवेशकों के साथ दुनियाभर के केंद्रीय बैंक भी सोने की खरीदारी कर रहे हैं। इससे सोने की कीमतों को आगे भी समर्थन मिल सकता है।
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दिसंबर तक 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1.70 लाख तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। वहीं चांदी की कीमत भी ₹3 लाख प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
हालांकि, कमोडिटी की कीमतें वैश्विक आर्थिक हालात, डॉलर, ब्याज दरों और निवेश मांग जैसे कई कारकों पर निर्भर करती हैं।
गहने खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
खरीदारी से पहले सोने का वजन और उस दिन का भाव अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से जांच लें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम अलग-अलग होते हैं।
ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज भी कुल कीमत का बड़ा हिस्सा होता है। यह शुल्क हर ज्वेलर के यहां अलग हो सकता है। खरीदारी से पहले मेकिंग चार्ज का पूरा ब्रेकअप मांगें और जरूरत हो तो इस पर मोलभाव भी करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.