राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र के खिमाता की बरजाल गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार किशन सिंह रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्री दुर्गा सुबह खेत पर गई थी और बाद में पानी पीने के लिए कुएं की ओर गई, जहां उसका पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने जब उसे काफी देर तक नहीं देखा तो तलाश शुरू की, इस दौरान कुएं के बाहर उसकी चप्पल मिली। संदेह होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए छापली पीएचसी में रखवाया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मृतका दुर्गा ने करीब डेढ़ साल पहले मुकेश सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था और वह आसींद क्षेत्र के पास रह रही थी। इसी बीच एक दिन पहले उसके पति मुकेश सिंह ने बदनोर क्षेत्र में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली थी, जिसका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया। इसके बाद उसी दिन दुर्गा की कुएं में डूबने से मौत की घटना सामने आई।
इससे पहले राजसमंद जिले के चारभुजा क्षेत्र के मोराना गांव में एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या का मामला भी सामने आया था, जिसने सोशल मीडिया पर श्मशान से जुड़ी तस्वीर पोस्ट की थी। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.