जोधपुर में लंबे इंतजार के बाद नया एयरपोर्ट टर्मिनल अब जनता की सेवा के लिए तैयार हो गया है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जानकारी दी कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट केवल जोधपुर ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनेगा। बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को देखते हुए पुराने टर्मिनल पर दबाव बढ़ गया था, जिसके चलते यह नया टर्मिनल बनाया गया है।
यह नया टर्मिनल मॉड्यूलर एमएस (माइल्ड स्टील) स्ट्रक्चर पर आधारित है और लगभग 240×110 मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जो पुराने भवन से करीब तीन गुना बड़ा है। इसमें छह एयरोब्रिज लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को सीधे विमान तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार यह टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसे तेजी से निर्माण तकनीक के तहत तैयार किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल हवाई यात्रा को सुगम बनाएगी बल्कि पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी उड़ानों का संचालन नए टर्मिनल से शुरू कर दिया जाएगा और पुराने भवन को म्यूजियम या मेंटेनेंस यूनिट के रूप में विकसित किया जा सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.