झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र के मेहाड़ा थाना इलाके में ढोसी गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया। 65 वर्षीय किसान महावीर प्रसाद की उनके ही 38 वर्षीय बेटे शमशेर सिंह ने बेरहमी से पीट-पीटकर और बाद में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। यह वारदात 25 जून की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच पिछले तीन वर्षों से जमीन के बंटवारे को लेकर गंभीर विवाद चल रहा था। कई बार स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों द्वारा समझौते की कोशिश की गई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। वारदात की रात मृतक महावीर प्रसाद गांव की धर्मशाला के पास बैठे थे, तभी आरोपी बेटे ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें सड़क तक घसीट ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले लाठी से हमला किया और फिर ट्रैक्टर से पिता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में मृतक के दामाद की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश एवं शोक का माहौल है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.