पृथ्वीराज नगर दक्षिण प्रथम में 200 फीट चौड़ी सेक्टर रोड को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क के अलाइनमेंट में बदलाव कर खाली भूखंडों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि वर्षों से बने हुए 60 से 70 मकानों को तोड़ने की नौबत आ गई है। वर्ष 2006 के सेक्टर प्लान में न्यू सांगानेर रोड से भारत माता सर्किल तक 200 फीट चौड़ी सड़क प्रस्तावित की गई थी। बाद में 2013 में सड़क की चौड़ाई घटाकर 100 फीट कर दी गई। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्होंने 2013 में निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार अपने मकान और अन्य निर्माण कार्य किए थे, लेकिन अब सड़क का मार्ग बदलने से उनके घर प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यदि सड़क का निर्माण पूर्व निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार किया जाए तो खाली भूखंडों से होकर सड़क निकाली जा सकती है और किसी भी परिवार का घर नहीं टूटेगा। उनका कहना है कि प्रशासन को आम नागरिकों के आशियानों की बजाय खाली भूमि का उपयोग करना चाहिए। प्रभावित परिवारों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि जीवनभर की कमाई से बनाए गए घरों को बचाने के लिए वे हर संभव कानूनी और लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विकास कार्यों के नाम पर वर्षों से बसे परिवारों के घरों को तोड़ना उचित है, या फिर प्रशासन को ऐसा समाधान तलाशना चाहिए जिससे सड़क निर्माण भी हो और लोगों के आशियाने भी सुरक्षित रहें। जनता पूछ रही है — आखिर खाली भूखंडों को बचाने की कीमत आम नागरिक क्यों चुकाएं?
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.