राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों—अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और बारां—में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के 5 जिलों—जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़—में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
सोमवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जयपुर, जैसलमेर, कोटा और जोधपुर में तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है। राजधानी जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने 10 जून तक प्रदेश में तेज गर्मी और उमस बने रहने का अनुमान जताया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.