जानकारी के अनुसार, वर्ष 1998 और 1999 बैच के RAS अधिकारियों को वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर IAS में पदोन्नत किया गया है। इनमें उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले और खेल विभाग के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक (SA) उम्मेद सिंह भी शामिल हैं।
पिछले महीने RAS अधिकारियों की IAS में पदोन्नति के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के बोर्ड की बैठक आयोजित की गई थी। खास बात यह रही कि पहली बार यह बैठक दिल्ली के बजाय जयपुर में हुई। बैठक में 18 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए थे, जिनमें से 16 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है।
फिलहाल पदोन्नत अधिकारियों को उनके मौजूदा पदों पर ही काम करना होगा। प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के चलते लागू आदर्श आचार संहिता के कारण तत्काल बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना कम है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद IAS और RAS अधिकारियों की तबादला सूची जारी हो सकती है। इसके बाद पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
1. उम्मेद सिंह: वर्ष 1998 बैच के RAS अधिकारी उम्मेद सिंह वर्तमान में कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक हैं। वे चूरू, बूंदी, महवा, सपोटरा और केशोरायपाटन में SDM के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
2. अंजू राजपाल: वर्ष 1998 बैच की अधिकारी अंजू राजपाल वर्तमान में मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव हैं। वे कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव और लोकायुक्त कार्यालय में OSD सहित विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं।
3. विवेक कुमार: वर्ष 1998 बैच के विवेक कुमार वर्तमान में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग में अतिरिक्त महानिरीक्षक (प्रशासन) के पद पर तैनात हैं। वे सीकर, सलूंबर, चूरू और खाजूवाला में SDM रह चुके हैं।
4. मुकेश कुमार शर्मा: वर्ष 1998 बैच के मुकेश कुमार शर्मा वर्तमान में राज्य सूचना आयोग में सचिव हैं। वे मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय में भी विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
5. महेंद्र कुमार शर्मा: वर्ष 1998 बैच के महेंद्र कुमार शर्मा वर्तमान में तकनीकी शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव हैं। वे पूर्व में कई मंत्रियों के विशिष्ट सहायक के रूप में काम कर चुके हैं।
राजस्थान में इन 16 अधिकारियों की पदोन्नति को प्रशासनिक सेवा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नई पोस्टिंग पर नजर रहेगी, जो पंचायत चुनावों के बाद होने वाले प्रशासनिक फेरबदल में तय हो सकती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.