जोधपुर। राजस्थान में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जोधपुर की टीम ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत 100 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई एसेंट कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल पुत्र शैला भाई, निवासी सुरेंद्रनगर (गुजरात), सुरेंद्र आचार्य पुत्र अशोक कुमार, निवासी बाड़मेर और हनुमाना राम पुत्र भाना राम, निवासी बेनाड़ रोड, जयपुर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जोधपुर के डांगियावास क्षेत्र से MD ड्रग्स की खेप खरीदते थे। इसके बाद नशीले पदार्थ की सप्लाई गुजरात के आणंद और सुरेंद्रनगर जिलों में की जाती थी। NCB अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही, इन क्षेत्रों के कुछ स्पा सेंटरों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों की संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
NCB के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की कोशिश की जा रही थी। त्योहारों के समय नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई पर रोक लगाना और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना एजेंसी की प्राथमिकता है।
फिलहाल NCB मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के जरिए नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.