जयपुर। राजस्थान सरकार ने खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार के मुताबिक प्रदेश में 1 करोड़ से ज्यादा वंचित पात्र लोगों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना यानी NFSA से जोड़ा गया है। इनमें उदयपुर जिले के 2 लाख 54 हजार 394 लाभार्थी भी शामिल हैं।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के अनुसार, 1 जनवरी से 31 अगस्त 2024 के बीच प्रदेश में 12 लाख 95 हजार 664 नए लाभार्थी खाद्य सुरक्षा से जुड़े। इसके बाद 26 जनवरी 2025 को खाद्य सुरक्षा पोर्टल दोबारा शुरू होने पर 89 लाख 431 पात्र लोगों को NFSA में शामिल किया गया। अब प्रदेश में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कुल लाभार्थियों की संख्या 4.37 करोड़ बताई गई है।
उदयपुर जिले की बात करें तो गोगुंदा में 51,684, झाड़ोल में 51,784, खेरवाड़ा में 45,101, मावली में 30,392, उदयपुर शहर में 24,102, उदयपुर ग्रामीण में 9,505 और वल्लभनगर में 41,826 पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा गया है।
NFSA में शामिल परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क खाद्यान्न मिलने के साथ अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता है। इनमें 450 रुपये में गैस सिलेंडर, आयुष्मान दुर्घटना बीमा के तहत 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार शामिल है।
वहीं, नवंबर 2024 में शुरू किए गए ‘गिव अप अभियान’ के तहत करीब 67 लाख लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा का लाभ छोड़ दिया, जबकि लगभग 27 लाख लोगों के ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण नाम सूची से हटाए गए। सरकार का कहना है कि खाली हुए स्थानों पर अब वास्तविक रूप से जरूरतमंद और पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा जाएगा।
सरकार का लक्ष्य साफ है—प्रदेश का कोई भी पात्र और जरूरतमंद परिवार खाद्य सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.