अजमेर/जयपुर, 15 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में राष्ट्रगीत के बाद आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह के दौरान आयोग के सुरक्षा कार्मिकों और रेस्को गार्ड्स को मिठाई वितरित की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के अमर शहीदों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि RPSC केवल एक संस्था नहीं है, बल्कि प्रदेश के 8.5 करोड़ नागरिकों और लाखों युवाओं के सपनों और भरोसे का प्रतीक है। इस विश्वास को बनाए रखना आयोग परिवार के प्रत्येक सदस्य की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
केसरी सिंह ने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि कार्मिक ही आयोग की स्थायी रीढ़ हैं। उन्होंने 1962 के रेजांग ला युद्ध के रणबांकुरों के शौर्य का उदाहरण देते हुए कहा कि आरपीएससी के कर्मचारी भी चुनौतियों के बीच युद्ध स्तर पर काम करते हुए 24 से 48 घंटे तक लगातार मेहनत कर परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराते हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में 12 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा का सफल आयोजन आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
आयोग अध्यक्ष ने वरिष्ठ अधिकारियों से युवा कार्मिकों को बेहतर कार्यसंस्कृति और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से उच्च अनुशासन, समयबद्धता और निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इन मूल्यों के माध्यम से आयोग की गरिमा और साख को और मजबूत किया जा सकता है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आयोग में उत्कृष्ट और निष्ठापूर्ण कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में आयोग की कार्यप्रणाली, निष्पक्षता और युवाओं के विश्वास को और मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.