.
पुणे (महाराष्ट्र) के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब राजस्थान के जोधपुर जिले से बड़ा कनेक्शन सामने आया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी मंगेतर सिया गोयल के कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (23) का संबंध जोधपुर के बिलाड़ा क्षेत्र स्थित पलासनी गांव से बताया जा रहा है। चेतन का परिवार लंबे समय से पुणे में किराना-परचून के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है और वहीं रहकर वह अपनी पढ़ाई भी करता था।
जानकारी के अनुसार, इसी दौरान चेतन की मुलाकात सिया गोयल से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। आरोप है कि दोनों कई बार एक साथ घूमने भी गए थे, जिनमें जोधपुर और उदयपुर जैसे शहर शामिल हैं। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, चेतन ने सिया को जोधपुर के एक फाइव स्टार होटल में भी ठहराया था और मेहरानगढ़ किले सहित शहर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दोनों को साथ देखा गया था। इसके अलावा यह भी सामने आया है कि दोनों ने उदयपुर जाकर उस लग्जरी होटल का दौरा किया था, जहां सिया की डेस्टिनेशन वेडिंग की योजना थी।
गांव पलासनी में चेतन के परिजनों और ताऊ ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस रिश्ते या कथित घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि चेतन पढ़ाई छोड़कर कुछ समय पहले ही परिवार के व्यवसाय में मदद के लिए पुणे गया था। परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी मीडिया और पुलिस जांच के बाद ही मिली। ग्रामीणों और पड़ोसियों ने चेतन को शांत और सरल स्वभाव का बताया है, हालांकि वे भी इस आरोप से हैरान हैं।
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान केतन की 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना गया, लेकिन बाद में पुलिस जांच में यह मामला संदिग्ध पाया गया और हत्या की आशंका जताई गई। जांच के बाद पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित साजिश का प्रतीत होता है, जिसमें व्यक्तिगत संबंधों और प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स तथा लोकेशन डेटा की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.