मुंबई की लोकल ट्रेन में हुए हालिया हत्या कांड के बाद देशभर के रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इसी कड़ी में उदयपुर सिटी और राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर पिछले तीन वर्षों से पुनर्विकास कार्य जारी है, जिसके चलते कई स्थानों से बिना रोक-टोक प्रवेश हो रहा है और सुरक्षा जांच की व्यवस्था कमजोर हो गई है।
स्टेशन पर मुख्य द्वार सहित कई अस्थायी प्रवेश मार्ग खुले हुए हैं, जहां यात्रियों की नियमित जांच नहीं हो रही है। पहले मौजूद मेटल डिटेक्टर भी पिछले एक वर्ष से हटाया हुआ है, जिससे बिना सुरक्षा जांच के लोग सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय पर्याप्त संख्या में टीटीई और आरपीएफ जवानों की तैनाती न होने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कमजोर हो रही है।
राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर भी लगभग यही स्थिति बनी हुई है, जहां कई मार्गों से प्लेटफॉर्म तक आसानी से पहुंच संभव है। इस कारण चोरी और छोटी घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
हालांकि उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन को लगभग 354 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिसमें नई बिल्डिंग, कॉनकोर्स, पार्किंग, लिफ्ट, एस्केलेटर और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी व्यवस्था और सुरक्षा में कमी यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.