राजस्थान के सीकर जिले में कुख्यात रोहित गोदारा गैंग की एक बड़ी साजिश को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से अत्याधुनिक जिगाना पिस्टल सहित कुल चार पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि गैंग राजस्थान में किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था और हथियारों की एक बड़ी खेप अलग-अलग जिलों में सप्लाई की जा रही थी। पकड़े गए आरोपी हथियारों की डिलीवरी और सप्लाई नेटवर्क में मीडिएटर की भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारों पर काम कर रहा था और सोशल मीडिया व मैसेजिंग एप्स के जरिए संपर्क बनाए रखा जा रहा था। इस मामले में पहले भी कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग द्वारा एक सर्राफा कारोबारी से 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी, और धमकी के लिए शूटर्स को तैयार किया जा रहा था। पुलिस की समय पर कार्रवाई के चलते एक बड़ी वारदात टल गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.