जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के बुंदू विहार इलाके में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका पन्नी देवी (55) के शव पर माथे और बाईं आंख के नीचे चाकू के गहरे वार के निशान पाए गए, साथ ही सिर पर किसी भारी वस्तु से भी हमला किया गया था। वारदात के बाद आरोपी बेटा अनिल मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में केवल मां और छोटा बेटा अनिल ही मौजूद थे, जबकि दो बड़े बेटे मजदूरी पर गए हुए थे। दोपहर करीब 12 बजे अनिल ने मां पर हमला किया, जबकि इससे पहले पीड़िता ने अपने भांजे को फोन कर रोते हुए बताया था कि छोटा बेटा उसे घर में बंद कर मारने की धमकी दे रहा है। कुछ समय बाद ही महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला।
परिजनों ने बताया कि आरोपी अनिल नशे का आदी है और पिछले कुछ दिनों से घर में विवाद कर रहा था। वारदात के बाद उसने मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.