नागौर। हजरत इमाम हुसैन की याद में शहर में मुहर्रम का आयोजन अकीदत और गमगीन माहौल में किया गया। दोपहर बाद शहर के विभिन्न मोहल्लों और इमामबाड़ों से ताजियों के जुलूस अपने-अपने मार्गों से रवाना हुए, जो काजियों के चौक, बाजारवाड़ा और माही दरवाजा होते हुए कर्बला पहुंचे। वहां ताजियों को सैराब किया गया और पूरे आयोजन के दौरान “या हुसैन” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों जैसे लोहारपुरा, दरगाह डोडी, नकास, अजमेरी गेट, बाजारवाड़ा, दड़ा मोहल्ला, न्यारों का मोहल्ला और पिंजारों का मोहल्ला आदि से ताजिए निकाले गए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने सबीलें लगाकर अकीदतमंदों को ठंडा पानी, शरबत और अन्य पेय पदार्थ वितरित किए।
काजियों के चौक पर शाम से लेकर देर रात तक अखाड़ों का भव्य प्रदर्शन हुआ, जिसमें युवाओं ने लाठी, तलवार और पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। नकास और दरगाह डोडी अखाड़ों के प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दोनों अखाड़ों का प्रदर्शन रात करीब आठ बजे तक चला।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.