जिले की पांच पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में हो रहे इस चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मतदान के लिए कुल 442 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना कर देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
निर्वाचन शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1,190 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया में 334 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। अब चुनावी मैदान में 856 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के अनुसार सरपंच पद के लिए अलग-अलग पंचायत समितियों में उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है—
कोटखावदा: 27 ग्राम पंचायतों में 174 उम्मीदवार।
चाकसू: 32 ग्राम पंचायतों में 211 उम्मीदवार।
माधोराजपुरा: 25 ग्राम पंचायतों में 167 उम्मीदवार।
फागी: 26 ग्राम पंचायतों में 154 उम्मीदवार।
सांगानेर: 23 ग्राम पंचायतों में 150 उम्मीदवार।
चुनाव के लिए जिले में कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 3,74,816 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,93,206 पुरुष, 1,81,609 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 3 नवंबर को इन्हीं मतदान केंद्रों पर पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ था। अब तीसरे चरण में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना की जाएगी। इसके साथ ही गांवों की सरकार चुनने की तस्वीर साफ हो जाएगी। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। 133 ग्राम पंचायतों में किसके सिर सरपंच का ताज सजेगा और किस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ेगा, इसका फैसला देर रात तक सामने आने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.