जयपुर : राजस्थान में 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों के लिए हो रहे पहले चरण के मतदान के दौरान कई जगहों पर गड़बड़ी और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। अलवर और नागौर में विवाद के बाद पथराव और मारपीट की स्थिति बनी, जबकि बांसवाड़ा में निर्वाचन कार्मिक का बिल्ला लगाकर मतदान केंद्र में घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन किया। वहीं झालावाड़ में एक महिला पर पहचान बदलकर फर्जी मतदान करने की कोशिश का आरोप लगा है।
बांसवाड़ा में नगर परिषद चुनाव के दौरान राजतालाब थाना क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 40 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति निर्वाचन कार्मिक का बिल्ला लगाकर मतदान केंद्र के अंदर घूम रहा है।
सूचना मिलने पर राजतालाब थाना पुलिस के एएसआई विशाल सिंह मौके पर पहुंचे और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार संदिग्ध की पहचान हासिम खान (35) निवासी सरगड़ावाड़ा के रूप में हुई है।
पूछताछ में हासिम खान ने पुलिस को बताया कि उसे यह बिल्ला किसी व्यक्ति ने बूथ के अंदर मौजूद एजेंटों को नाश्ते की सामग्री पहुंचाने के लिए दिया था। पुलिस पूरे मामले की जांच और पूछताछ कर रही है।
झालावाड़ के वार्ड नंबर 4 में मतदान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पर दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर वोट डालने की कोशिश करने का आरोप लगा।
महिला की पहचान बबली के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि वह बादाम बाई के नाम से मतदान करने पहुंची थी। महिला ने पहचान पत्र के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे आधार कार्ड में फोटो बदलकर दूसरे व्यक्ति के नाम से वोट डालने की कोशिश की।
मतदान केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और मतदानकर्मियों को संदेह होने पर महिला को रोक लिया गया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नागौर के वार्ड नंबर 51 और 48 में फर्जी वोटिंग की अफवाह के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों के बीच विवाद बढ़ने के बाद पथराव की घटना सामने आई, जिससे मतदान केंद्रों के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
अलवर के वार्ड नंबर 43 के सूर्य नगर इलाके में भी मतदान के दौरान मारपीट का मामला सामने आया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी।
राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में सामने आई इन घटनाओं ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पहचान सत्यापन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, बबली द्वारा बादाम बाई के नाम से वोट डालने और आधार कार्ड में फोटो बदलने का आरोप जांच का विषय है, इसलिए मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.