जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं। महिला नेतृत्व से लेकर युवा चेहरों तक, इस बार चुनाव में कई खास बातें सामने आईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदेश के 37 जिलों में से 26 में महिलाओं ने जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली। यानी करीब 70 फीसदी पदों पर महिलाओं का कब्जा रहा।
प्रदेश के सात नवगठित जिलों को पहली बार जिला प्रमुख मिले हैं। इनमें से पांच जिलों में महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है।
इस बार जिला प्रमुख चुनाव में युवा नेतृत्व भी चर्चा में रहा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 साल की दो युवतियां जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। वहीं, पहली बार 30 साल से कम उम्र के सात जिला प्रमुख चुने गए। जिला प्रमुखों की औसत उम्र घटकर 41 साल बताई गई है।
चुनाव में एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि चार महिला जिला प्रमुखों ने पहली बार मतदान किया और खुद को ही वोट दिया। वहीं, तीन जिलों में जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए।
नए रिकॉर्ड बनने के बावजूद खेतसिंह राठौड़ के लगातार चुनाव जीतने का 21 साल पुराना रिकॉर्ड कायम रहा। चुनाव परिणामों में महिलाओं और युवा पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी के साथ कई जिलों में नए राजनीतिक समीकरण भी देखने को मिले।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.