जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के तहत मतदान को लेकर शहर में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर निगम के 150 वार्डों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आ रही हैं। जयपुरवासी लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने भी मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
नगर निगम जयपुर क्षेत्र में शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। शुरुआती एक घंटे में सभी 150 वार्डों में 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दोपहर 1 बजे मतदान का आंकड़ा जारी किया जाएगा।
नगरीय निकाय चुनाव में पहचान को लेकर मतदाताओं को राहत दी गई है। यदि किसी मतदाता के पास वोटर ID नहीं है, तो 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से किसी एक के जरिए पहचान साबित कर मतदान किया जा सकता है।
मान्य दस्तावेजों में प्रमुख रूप से:
आधार कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
PAN कार्ड
पासपोर्ट
फोटोयुक्त बैंक या पोस्ट ऑफिस पासबुक
आयुष्मान हेल्थ कार्ड
पेंशन संबंधी दस्तावेज
सेवा पहचान पत्र
सांसद और विधायक के सरकारी पहचान पत्र
UDID कार्ड
मतदान दिवस के अवसर पर जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मतदान वाले क्षेत्रों में कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा।
औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ आकस्मिक कामगारों के लिए भी मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य है।
मतदान दिवस पर आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर भी प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं। मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में चुनावी कैंप लगाने पर रोक है। वहीं मतदान केंद्र की 100 मीटर की परिधि में मतदाताओं से वोट मांगना प्रतिबंधित है।
इसके अलावा मतदाता पर्चियां सादे सफेद कागज पर ही देने के निर्देश हैं। मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा करने पर भी रोक रहेगी।
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने और लोकतंत्र के इस पर्व में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने की अपील की गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.