श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों और एक तस्कर की पत्नी सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्कर पाकिस्तान स्थित ड्रग्स हैंडलर के संपर्क में थे और मोबाइल फोन से चैटिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे। आरोपी जसविंदर सिंह अपने जीजा बलविंदर सिंह के जरिए पाकिस्तान बॉर्डर से ड्रोन द्वारा गिराई गई हेरोइन प्राप्त करता था, जिसे आगे पंजाब में सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस नाकाबंदी से भागने की कोशिश की, जिसमें एक पुलिसकर्मी की कार को टक्कर लगने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और एक कॉन्स्टेबल के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से 20 पैकेट हेरोइन और 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए।
जांच के दौरान आरोपी के घर से भी एक पैकेट हेरोइन बरामद हुआ, जिसके बाद उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से पाकिस्तानी नंबरों की चैटिंग मिली है, जिससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के कनेक्शन की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह और इसके अन्य लिंक की गहन जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.