टोंक शहर के बड़ा कुआं क्षेत्र स्थित एक रेस्ट हाउस में इलेक्ट्रॉनिक सामान के दुकानदार एवं नगर परिषद ठेकेदार पवन गर्ग (54) की हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके दोस्त ने ही की थी। मामले में शिवाजी नगर कम्पू निवासी राकेश तांबी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राकेश तांबी भारी कर्ज में डूबा हुआ था और उसने अलग-अलग 11 लोगों से लगभग 56 लाख रुपये ब्याज पर उधार ले रखे थे। आर्थिक तंगी के चलते उसने मृतक पवन गर्ग से 5 लाख रुपये उधार मांगे थे, लेकिन पैसे देने से इनकार करने पर वह रंजिश रखने लगा।
19 जून की रात आरोपी ने योजना बनाकर रेस्ट हाउस में पवन गर्ग के साथ शराब पार्टी की और इसी दौरान कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वार के बाद भी जब उसे शक हुआ कि पवन जीवित है, तो उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या सुनिश्चित कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक की सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी ने जब फोन किया और जवाब नहीं मिला तो कर्मचारी रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां पवन गर्ग गंभीर अवस्था में मिला। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई मुकेश गर्ग की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में एएसपी रतनलाल भार्गव, डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी भंवरलाल वैष्णव की टीम तथा डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 36 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.