मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में माउंट आबू सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर जैसे जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी के चलते ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। इस दौरान कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है।
रविवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। जैसलमेर में 34.8, चित्तौड़गढ़ में 33.8, फतेहपुर में 33, पिलानी में 33.1, नागौर और चूरू में 32.8 तथा श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा और उदयपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा।
प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में भी रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। चूरू, सीकर, झुंझुनूं और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है।
रविवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं और चूरू में 17.5, पिलानी में 17.8, टोंक में 16.4 और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर: राजधानी में रविवार को आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
अलवर: शहर में सुबह से धूप रही, लेकिन दोपहर में गर्मी का ज्यादा असर नहीं दिखा। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। खेतों में ओस की बूंदें भी नजर आने लगी हैं। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कोटा: यहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में धूप खिली रही, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।
उदयपुर: लेकसिटी में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात के तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
सीकर: शहर में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अजमेर: शहर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप खिली रही, जबकि सुबह और शाम ठंडक महसूस की गई।
जोधपुर: शहर में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा।
राजस्थान में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। अगले कुछ दिनों तक दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का दौर जारी रह सकता है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.