Download App Now Register Now

जयपुर में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की तैयारी पूरी, 442 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में 3 नवंबर को होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान दल रवाना हुए। श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

पांच पंचायत समितियों में 442 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

तृतीय चरण के तहत जयपुर जिले की चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों में मतदान कराया जाएगा। इन पांच पंचायत समितियों के कुल 442 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान दलों के रवाना होने के दौरान वाहन पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रहें।

किस पंचायत समिति में कितने मतदान दल हुए रवाना?

जिले की पांच पंचायत समितियों में मतदान दलों की संख्या इस प्रकार है:

  • फागी: 90 मतदान दल

  • माधोराजपुरा: 93 मतदान दल

  • चाकसू: 93 मतदान दल

  • कोटखावदा: 82 मतदान दल

  • सांगानेर: 84 मतदान दल

सभी मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार संबंधित चेक पोस्ट पर उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे।

3.74 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

तृतीय चरण में कुल 77 पंचायत समिति वार्ड और 133 ग्राम पंचायतों के लिए 442 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

पंचायत समिति के अनुसार मतदान केंद्रों का विवरण:

  • चाकसू: 17 पंचायत समिति वार्ड और 32 ग्राम पंचायतें।

  • कोटखावदा: 15 पंचायत समिति वार्ड और 27 ग्राम पंचायतें।

  • माधोराजपुरा: 15 पंचायत समिति वार्ड और 25 ग्राम पंचायतें।

  • फागी: 15 पंचायत समिति वार्ड और 26 ग्राम पंचायतें।

  • सांगानेर: 15 पंचायत समिति वार्ड और 23 ग्राम पंचायतें।

3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान

जिला परिषद के वार्ड संख्या 27 से 37 तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

इसके बाद 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।

20 नवंबर को होगी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली और सुरक्षा सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। मतदान के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
सीकर में चोरी और लापता होने की घटनाओं से मचा हड़कंप: 16 साल की नाबालिग लापता, घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी; 13 बकरियां और गाय भी ले गए चोर | राजस्थान के सभी स्कूलों में लगेंगे 'शुगर बोर्ड': बच्चों को चम्मच से समझाई जाएगी कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और बिस्किट में चीनी की मात्रा | राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: दिन के तापमान में गिरावट, रात में कम हुई सर्दी; माउंट आबू सबसे ठंडा | अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा: रिहायशी इलाके के पास धमाके के साथ क्रैश हुआ बिजनेस जेट, 9 लोगों की मौत | जयपुर में 3 से 9 नवंबर तक स्लीपर बसों की एंट्री बंद, दिवाली पर ट्रैफिक पुलिस ने बदली व्यवस्था | सोना-चांदी खरीदने जा रहे हैं तो पहले जान लें ये 7 जरूरी बातें: कैरेट से लेकर हॉलमार्क और मेकिंग चार्ज तक समझें पूरा हिसाब, खरीदारी में नहीं होगा नुकसान | दिवाली से पहले LPG सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी, कमर्शियल गैस 9.50 रुपये महंगी; घरेलू सिलेंडर के रेट स्थिर | जापान में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 6.0 रही तीव्रता: सुबह 3:45 बजे शिमा क्षेत्र के पास आया भूकंप, फिलहाल नुकसान की खबर नहीं | राजस्थान के 7 पुलिस अधिकारियों को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक: 6 IPS और एक RPS अधिकारी चयनित, उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए होगा सम्मान | SIR के खिलाफ दिल्ली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन: रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली, राहुल-खड़गे समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल |