सवाई माधोपुर (ज़बीर खान) भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर वतन फाउंडेशन, सवाई माधोपुर की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को ‘कलाम रत्न अवार्ड 2026’ समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर बुधवार को मानटाउन क्लब, सवाई माधोपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वतन फाउंडेशन के प्रवक्ता मोइन खान ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। फाउंडेशन फाउंडर हुसैन आर्मी ने बताया कि डॉ. कलाम के शिक्षा, विज्ञान, युवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों से प्रेरणा लेते हुए जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष समारोह में सवाई माधोपुर जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 10 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा कक्षा 12 के विभिन्न संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 5,000 रुपये की एकमुश्त कलाम स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।
फाउंडेशन संरक्षक राजेश शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
समारोह में शिक्षा, सामाजिक सेवा, चिकित्सा, खेल, कला-संस्कृति, साहित्य, प्रशासन, उद्योग, पत्रकारिता और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं गणमान्य व्यक्तियों को ‘कलाम रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
महिला विंग प्रमुख रोमा नाज ने कहा कि ऐसे लोगों को मंच देने का उद्देश्य उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना और नई पीढ़ी को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
संगठन सचिव राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि समारोह का उद्देश्य केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना भी है।
वतन फाउंडेशन ने जिले के नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों से कलाम रत्न अवार्ड 2026 को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की है।
वेब डेस्क | TASNEEM TV
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.