पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय छात्र जयपुर के एक कॉलेज में पढ़ाई करता है और हॉस्टल में रहता है। छात्र की ग्राइंडर ऐप के जरिए अर्जुन नाम के युवक से पहचान हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर करीब एक महीने तक बातचीत होती रही। इसके बाद 22 अगस्त को जगतपुरा में मिलने का तय हुआ।
आरोप है कि मुलाकात के बाद अर्जुन छात्र को बाइक पर बैठाकर उसके हॉस्टल पहुंचा। हॉस्टल के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और पेटीएम ऐप खुलवाकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह छात्र के कॉलेज, हॉस्टल और परिवार को उसके निजी जीवन से जुड़ी जानकारी बता देगा। आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
शिकायत के मुताबिक, ब्लैकमेल कर आरोपी ने उसी दिन छात्र से 1 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद 30 अगस्त को आरोपी दोबारा हॉस्टल पहुंचा और कथित तौर पर मारपीट करते हुए 40 हजार रुपए छीन लिए। साथ ही 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। आरोप है कि आरोपी ने दोनों के बीच हुई WhatsApp चैट भी डिलीट कर दी।
पीड़ित के अनुसार, 31 अगस्त को आरोपी ने WhatsApp कॉल के जरिए संपर्क किया और छात्र के ‘गे’ होने की बात छिपाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर पूरे कॉलेज और परिवार में बदनाम करने तथा उसका भविष्य बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.