कुंवारिया। कस्बे के मेला परिसर स्थित समर्थन मूल्य गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों द्वारा खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद बुधवार को जिला रसद विभाग और एफसीआई के अधिकारियों का संयुक्त जांच दल मौके पर पहुंचा। जांच दल ने खरीद केंद्र की प्रत्येक गतिविधि की गहनता से पड़ताल की और रिकॉर्ड का निरीक्षण किया।
जांच दल में जिला रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक जय सिंह, सहायक प्रोग्रामर विनोद खटीक, लेखाधिकारी राजेश चौधरी, एफसीआई उदयपुर के प्रबंधक संतोष कुमार मीणा, लेखा अधिकारी सुरजीत सिंह चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने दस्तावेजों और रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी ली और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को कलमबद्ध किया।
किसानों का आरोप था कि ऑनलाइन आवेदन करने और मोबाइल पर संदेश मिलने के बावजूद निर्धारित तिथि पर केंद्र पर पहुंचने पर खरीद प्रक्रिया में आनाकानी होती है। गेहूं की मात्रा को लेकर विवाद और असमंजस की स्थिति बनी रहती है। केंद्र पर बारदान की कमी तथा बाद में बारदान उपलब्ध होने के बावजूद खरीद में अनियमितता बरती गई। कई किसानों का गेहूं अभी तक नहीं खरीदा गया है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं।
जांच दल ने गेहूं खरीद की मात्रा, तुलाई मजदूरी सहित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की और किसानों के पक्ष व केंद्र के रिकॉर्ड के आधार पर आवश्यक तथ्य संकलित किए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.