राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गुरुवार को डूंगरपुर जिले के सुदूर आदिवासी गांव देवल खास का दौरा कर "विकसित भारत संकल्प अभियान" के तहत युवाओं और ग्रामीणों को "नशा मुक्त युवा" की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "नशामुक्त भारत" पहल को आगे बढ़ाते हुए राज्यपाल ने समाज से नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस दौरान राज्यपाल ने किसानों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों से संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं को बप्पा रावल, महाराणा प्रताप और राणा सांगा जैसे महान वीरों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की सलाह देते हुए कहा कि अनुशासन, संयम और शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही गरीबी दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में राजीविका समूह की महिलाएं, विद्यार्थी, युवा, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राज्यपाल ने सभी के साथ संवाद कर नशामुक्त और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.