बीकानेर में स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रभात फेरी के साथ आगाज हो गया है। देशभक्ति के रंग में रंगे इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रभात फेरी की शुरुआत महारानी कन्या विद्यालय से हुई, जो एमएन हॉस्पिटल, हनुमान हथा और जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची।
इस दौरान पूरे रास्ते देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। प्रभात फेरी में जिला कलेक्टर निशांत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के बाद जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत आज से की गई है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होने जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं शामिल होंगे। इसी को देखते हुए शहर को तिरंगे और ‘वंदे मातरम्’ थीम पर सजाया जा रहा है।
कलेक्टर ने लोगों से अपील की कि युवा, महिलाएं और समाज के सभी वर्ग अभियान से जुड़ें और तिरंगे का मान बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति गतिविधियां लगातार आयोजित की जाएंगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.