सुमेरपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए कई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। नगरपालिका के निजी मद से 58 लाख 89 हजार 40 रुपये की लागत से वार्ड नंबर 26 में नवनिर्मित सीसी रोड का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया गया।
वहीं, 40 लाख 49 हजार 775 रुपये की लागत से गांधी मूर्ति से भैरों चौक तक मुख्य बाजार में विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे बाजार क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ आमजन और व्यापारियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बजट वर्ष 2025-26 के तहत भगत सिंह सर्किल से जाखानगर एनएच-62 चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य को भी गति दी गई है। इसके अलावा करीब 1.05 करोड़ रुपये की लागत से भगत सिंह सर्किल से एनएच-62 होते हुए टाउन हॉल तक डामरीकरण कार्य किया जाएगा। जाखानगर पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। इन कार्यों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्र में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में 24 लाख रुपये की लागत से साई वाटिका के पास गली नंबर-1 से सोहन सिंह जुझार सिंह मार्ग तक डामरीकरण कार्य किया जाएगा।
बजट घोषणा 2024-25 के तहत 1 करोड़ रुपये की लागत से सड़क मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें सुमेरपुर स्वागत गेट से राजगुरु सर्किल, जवाई बांध रोड से झांसी रानी सर्किल, भैरों चौक से झांसी रानी सर्किल, जागनाथ मंदिर से शनि महाराज मंदिर (देवनगरी), मेहता प्याऊ से शीतला माता मंदिर होते हुए नहर तक तथा हनुमान मंदिर से नामदेव चौक तक की सड़कें शामिल हैं।
इन सड़कों के सुधार से शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन आसान होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
विकास कार्यों में शिक्षा और विद्यार्थियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई। सांसद कोष से 37 लाख रुपये की कुल लागत से छह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों—गलथनी, कोलीवाड़ा, बलुपुरा, पावा, देवतरा और सलोदरिया—में नवनिर्मित टीन शेड्स का लोकार्पण किया गया।
इन टीन शेड्स से विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सामूहिक गतिविधियों के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
वहीं, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुमेरपुर में छात्राओं की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए सांसद कोष से 7 लाख 34 हजार 65 रुपये की लागत से आधुनिक बास्केटबॉल मैदान का शिलान्यास किया गया। इससे विद्यालय की बालिकाओं को खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में सड़क, यातायात, विद्युत, शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़े करोड़ों रुपये के कार्यों की शुरुआत को क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार के साथ आमजन को बेहतर आवागमन और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.