बोर्ड के कार्यक्रम के अनुसार, पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी 21 नवंबर से अपनी SSO ID के माध्यम से परीक्षा केंद्र के लिए आवंटित जिले की जानकारी देख सकेंगे। वहीं, प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र 26 नवंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
RSSB ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। केंद्र पर सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटे पहले केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।
पहचान सत्यापन के लिए मूल फोटोयुक्त आधार कार्ड अनिवार्य होगा। आधार कार्ड में जन्मतिथि दर्ज होना जरूरी है। विशेष परिस्थितियों में पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या मतदाता पहचान पत्र के जरिए भी पहचान का मिलान किया जा सकेगा।
अभ्यर्थियों को उपस्थिति पत्रक पर लगाने के लिए 2.5×2.5 सेंटीमीटर आकार का हालिया रंगीन फोटो और नीली स्याही वाला पारदर्शी बॉल पेन साथ लाना होगा। फोटो एक महीने से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ या मॉर्फिंग नहीं होनी चाहिए।
परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए बोर्ड ने ड्रेस और सामान को लेकर भी सख्त नियम बनाए हैं। अभ्यर्थियों को घड़ी और मोबाइल फोन लेकर आने की अनुमति नहीं होगी। जींस पहनकर परीक्षा देने पर भी पाबंदी रहेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
बोर्ड ने प्रश्न-पत्रों के दुरुपयोग और परीक्षा में अनियमितताओं को रोकने के लिए परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्न-पत्र बुकलेट अपने साथ ले जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि, अभ्यर्थी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे।
इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने प्रश्न-पत्र की सीरीज और सिंबल याद रखने होंगे। अंतिम परीक्षा समाप्त होने के 24 घंटे के भीतर सभी पारियों के प्रश्न-पत्रों के सेट बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी परिणाम जारी होने तक सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड की ओर से मांगे जाने पर इसे प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ओएमआर शीट में गोले उचित दबाव के साथ भरने होंगे, ताकि कार्बन कॉपी पर भी स्पष्ट निशान आ सकें।
दिव्यांग और विशेष योग्यजन अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक (राइटर) की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जो अभ्यर्थी अपना राइटर लेकर आएंगे, उन्हें राइटर की शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी और श्रुतलेखक के वचन पत्र तथा दिव्यांगता का चिकित्सा प्रमाण पत्र परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक दिन पहले जमा कराना होगा।
वहीं, बोर्ड की ओर से राइटर की सुविधा लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पहले केंद्राधीक्षक को आवेदन देना होगा।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बोर्ड मास्टर प्रश्न-पत्र और आधिकारिक आंसर की अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 72 घंटे का समय दिया जाएगा।
प्रत्येक आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शुल्क जमा नहीं कराने पर आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
21 नवंबर: परीक्षा केंद्र आवंटित जिले की जानकारी SSO ID पर उपलब्ध।
26 नवंबर: प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड।
1 से 3 दिसंबर: CET सीनियर सेकेंडरी स्तर की परीक्षा।
परीक्षा के बाद: मास्टर प्रश्न-पत्र और आंसर की जारी।
आंसर की जारी होने के बाद: 72 घंटे में आपत्तियां दर्ज कराने का मौका।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें। नियमों का उल्लंघन करने या नकल में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.