पाटोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और थर्माकोल से सजाया गया है। मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों ने मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप दिया है। विशेष लाइटिंग और आकर्षक सजावट के बीच बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।
श्रीश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान ने बताया कि बाबा के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर में भगवान के दशावतार के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी तैयार की गई हैं।
बाबा श्याम के पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर में 56 भोग की विशेष झांकी सजाई जाएगी। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालु जन्मोत्सव के दिन बाबा को अर्पित 56 भोग के दर्शन कर सकेंगे। विशेष भोग और श्रृंगार के साथ बाबा का दरबार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सामान्य दिनों में बाबा श्याम की पांच आरतियां होती हैं, लेकिन जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष रूप से आठ आरतियों का आयोजन किया जाएगा।
इनमें मंगला आरती, श्रृंगार आरती, भोग आरती, ग्वाल आरती और शयन आरती के अलावा रात्रि 12 बजे, रात 2 बजे और सुबह 4 बजे विशेष आरती होगी। पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर के पट लगातार 24 घंटे खुले रहेंगे।
बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर कमेटी के मोहनदास ने बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु खाटूधाम पहुंच रहे हैं। इस बार भी भक्त बाबा के दरबार में केक काटकर उनका जन्मदिन मनाएंगे।
कई श्रद्धालु एक किलो से लेकर क्विंटल तक के केक बाबा को अर्पित करेंगे और 'हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम' कहकर अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे। भक्त बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करेंगे।
पाटोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर कमेटी ने दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर कमेटी के प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
व्यवस्थाओं में लगे कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बाबा खाटूश्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के कोने-कोने से भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर खाटूधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालु बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा और जीवन में आए संकटों से जुड़े अनुभव साझा करते हैं।
देवउठनी एकादशी पर मनाए जाने वाले इस पाटोत्सव को लेकर खाटूधाम में भक्ति और उत्सव का माहौल है। फूलों से सजा बाबा का दरबार, 56 भोग, विशेष आरतियां और 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था इस बार के जन्मोत्सव को खास बनाने जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.