जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले के मथानिया क्षेत्र के किसान मदनलाल देवड़ा ने खेती में नवाचार की मिसाल पेश की है। आठवीं पास देवड़ा ने शलजम और सफेद मूली के जींस मिलाकर गुलाबी मूली की नई किस्म ‘केसर’ तैयार की है। इस नवाचार के लिए उन्हें वर्ष 2017 में राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिल चुका है। देवड़ा ने वर्ष 2018 में गुलाबी मूली पर प्रयोग शुरू किया था और पांच साल की मेहनत के बाद 2023 में उन्हें सफलता मिली।
देवड़ा के खेत में तैयार गुलाबी मूली दूर से देखने पर शकरकंद या गाजर जैसी दिखाई देती है। करीब से देखने पर ही इसकी पहचान गुलाबी मूली के रूप में होती है। देवड़ा ने गुलाबी रंग के शलजम और सफेद मूली के जींस मिलाकर इसके बीज तैयार किए।
शुरुआत में उन्हें चार-पांच गुलाबी मूली मिलीं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और अगले सीजन में उन्होंने गुलाबी मूली के 3,500 पौधे तैयार किए। अब हर साल उनके खेत में गुलाबी मूली की फसल होने लगी है। शुरुआत में यह मूली 50 रुपये प्रति किलो तक बिकी, जबकि सफेद मूली के भाव आमतौर पर 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक मिलते हैं।
स्वाद में भी गुलाबी मूली सफेद मूली से अलग है। सफेद मूली तीखी होती है, जबकि गुलाबी मूली का स्वाद तीखा-मीठा है। देवड़ा के अनुसार, इसे गाजर या ककड़ी की तरह खाया जा सकता है और बच्चे भी इसे पसंद करते हैं।
गुलाबी मूली की मांग अब होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज पार्टियों में बढ़ रही है। देवड़ा को जयपुर, दिल्ली, आगरा, अहमदाबाद और सूरत तक से मांग मिल रही है। उनके मुताबिक, गुलाबी मूली की खेती से उनकी आय चार गुना तक बढ़ी है।
देवड़ा 40 से 50 बीघा जमीन पर खेती करते हैं। इसमें से चार बीघा में गुलाबी मूली उगाते हैं। इसके अलावा वे देसी गाजर, गाजर के बीज, गेहूं और प्याज की खेती भी करते हैं। इस बार गुलाबी मूली के भाव करीब 35 रुपये प्रति किलो चल रहे हैं।
देवड़ा खेती में देसी खाद का इस्तेमाल करते हैं। वे बकरी की मिंगणी, वर्मी कम्पोस्ट, गोमूत्र और नीम की पत्तियों को सड़ाकर खाद तैयार करते हैं। उनके अनुसार, इससे खेती की लागत करीब आधी रह गई है। खर्च निकालने के बाद उन्हें सालाना 15 से 20 लाख रुपये तक की आमदनी हो जाती है।
गुलाबी मूली और गाजर की किस्मों पर नवाचार करने के बाद देवड़ा अब बेर, गुंदा और बाजरा की उन्नत किस्में तैयार करने में जुटे हैं। सीमित औपचारिक शिक्षा के बावजूद उनके प्रयोग खेती में नए विकल्प और किसानों के लिए बेहतर आमदनी की संभावनाएं सामने ला रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.