जयपुर/बालोतरा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बालोतरा जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सपना कुमारी को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, परिवादी की पत्नी के नाम वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। मकान निर्माण पूरा होने के बाद 60 हजार रुपये की तीसरी किश्त जारी होनी थी। आरोप है कि जियो-टैगिंग फोटो ऑनलाइन अपलोड करने और किश्त स्वीकृत कराने के बदले VDO ने 4,500 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर ACB ने सत्यापन कराया और मांग सही पाए जाने के बाद ट्रैप बिछाया। जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने आरोपी अधिकारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
यह कार्रवाई ACB रेंज जोधपुर के निर्देशन में बाड़मेर ACB टीम ने की। अब एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था या नहीं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.