जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर गठित प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की ओर से 26 और 27 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शाहपुरा, बस्सी, चोमू, सांभर लेक, दूदू, फागी, जमवारामगढ़, चाकसू, किशनगढ़ रेनवाल और जोबनेर उपखंड क्षेत्रों सहित जयपुर शहर में कुल 14 प्रशिक्षण स्थलों पर करीब 13,076 पीआरओ और पीओ प्रथम को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मंगलवार को जयपुर शहर स्थित प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी तथा मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि मतदान दलों को ईवीएम के संचालन और मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए।
इसके साथ ही मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, निर्वाचन संबंधी नियमों और मतदान कार्मिकों के दायित्वों के बारे में भी विस्तार से जानकारी देने के निर्देश दिए गए, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी के अनुसार, मतदान दलों में नियुक्त कार्मिकों को दो पारियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहली पारी में प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान कार्मिकों को चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, आवश्यक सावधानियों और उनके दायित्वों से पूरी तरह परिचित कराना है, ताकि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का मतदान व्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.