उत्तर-पश्चिम रेलवे के रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने ब्यावर रेलवे स्टेशन का विंडो निरीक्षण कर रेल संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां रेलवे अधिकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर स्टेशन पर यात्रियों द्वारा रेलवे सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिली। कई यात्री, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चों को गोद में लिए हुए लोग भी शामिल थे, पटरियां पार कर प्लेटफॉर्म तक पहुंचते नजर आए। इस दौरान यात्री बैग और सामान लेकर असुरक्षित तरीके से ट्रैक क्रॉस करते दिखे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
निरीक्षण के समय आरपीएफ की टीम मौजूद थी, लेकिन अन्य स्थानों पर यात्रियों की आवाजाही पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं दिखा। इस दौरान ब्यावर स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार, आरपीएफ सीआई नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।
वहीं दूसरी ओर, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यावर रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा ने भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन नई स्टेशन बिल्डिंग, लिफ्ट कार्य और एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। डीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार और विद्युत प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया तथा जून के अंत तक कई कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए।
इस पूरे निरीक्षण के दौरान सामने आए दृश्य ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और यात्री अनुशासन को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.