नागौर जिले के गोटन क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां 20 वर्षीय प्रतियोगी छात्र अमित दाधीच की चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। अमित रोजाना की तरह अपने सपनों को पूरा करने के लिए जोधपुर पढ़ाई करने ट्रेन से जा रहा था। वह अपने साथी विकास शर्मा के साथ ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी–भगत की कोठी एक्सप्रेस में सवार होकर रवाना हुआ था।
सुबह करीब 8:15 बजे जैसे ही ट्रेन गोटन स्टेशन से आगे बढ़ी, कुछ दूरी पर अचानक वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर मेड़ता रोड जीआरपी थानाधिकारी भंवराराम डूकिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से जोधपुर–गोटन मार्ग का वैध रेलवे मासिक पास भी मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह नियमित रूप से पढ़ाई के लिए यात्रा करता था।
पिता नथमल दाधीच की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आवश्यक पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के दादा बाबूलाल, रिश्ते के दादा हीरालाल सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो रेलवे ट्रैक के पास चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह परिजनों को संभाला, लेकिन पूरे गांव में मातम फैल गया।
अमित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार की उम्मीदों का सहारा था। उसकी दो छोटी बहनें हैं। इस असमय हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में शोक की लहर है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.