सिरोही जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने की घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहली घटना रेवदर थाना क्षेत्र के मारोल नदी किनारे की है, जहां एक महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान आवाड़ा गांव निवासी संतोष पत्नी राजू कोली के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गुरुवार सुबह घर से निकली थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने नदी किनारे शव पड़ा होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी सीताराम और सहायक उपनिरीक्षक गणेश राम मौके पर पहुंचे। सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया और रेवदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना बरलूट थाना क्षेत्र के मनोरा गांव की है, जहां एक कृषि कुएं के पास 40 वर्षीय युवक लीलाराम मेघवाल का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जावाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। शुरुआती तौर पर दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति से इनकार नहीं किया जा रहा है। पूरे इलाके में इन घटनाओं के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.