राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (National Testing Agency) द्वारा आयोजित NEET परीक्षा-2026 रविवार को जैसलमेर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा दो केंद्रों—अमर शहीद सागरमल गोपा और किशनीदेवी मगनीराम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय—में आयोजित की गई।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली, जिसमें कुल 526 अभ्यर्थियों में से 478 ने परीक्षा दी और 48 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति दर 90.87 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अभ्यर्थियों की संख्या में वृद्धि देखी गई।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखी गई। प्रवेश से पहले पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों की सख्त जांच की गई तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित था और अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित थे, हालांकि कुछ प्रश्नों ने सोचने पर मजबूर किया। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष देखने को मिला।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी रही तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा गया। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.