जयपुर में प्रदर्शन का एलान करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बड़ा झटका लगा है। राजस्थान पुलिस ने शहीद स्मारक पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। जयपुर (दक्षिण) के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देना संभव नहीं है।
पुलिस के अनुसार पार्टी ने 15 जून को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक पर NEET पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन जांच के बाद सामने आए तथ्यों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इसे मंजूरी नहीं दी गई। इस मामले को लेकर अब जयपुर कमिश्नरेट में एक अहम बैठक भी प्रस्तावित है।
दोपहर बाद होने वाली इस बैठक में कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और समन्वयक शशि मीणा शामिल होंगे। इसके बाद पार्टी की ओर से दोपहर 3 बजे पिंकसिटी प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति पर जानकारी दी जाएगी।
इससे पहले 12 जून को पार्टी ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर 15 जून को शहीद स्मारक पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया था। पार्टी का दावा था कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से छात्र, बेरोजगार युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रदर्शन में युवा संविधान की प्रति और तिरंगा लेकर पहुंचने की बात कही गई थी।
कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि उनका आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, NEET पेपर लीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी इस आंदोलन का हिस्सा बताई गई है। पार्टी ने आगे दिल्ली में भी इसी तरह के प्रदर्शन की योजना का संकेत दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.