भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भरतपुर जिले के वैर तहसील स्थित खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा, आधारभूत विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने भरतपुर एवं डीग जिले को 1,186 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जबकि प्रदेशभर के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के तहत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 691 करोड़ रुपये से अधिक के शैक्षणिक निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण और उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है। इसके अलावा 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है तथा पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय मांग को स्वीकार करते हुए भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन किया तथा पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
कार्यक्रम में सड़कों, ड्रेनेज, विद्युत, अस्पताल, आईटीआई, पुलिस थाना, स्टेडियम, बस स्टैंड, पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, विद्युत सब-स्टेशन, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े दर्जनों विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
इनमें बालिका सैनिक स्कूल, डीग बाईपास, नदबई बाईपास, भरतपुर शहर में भूमिगत विद्युत लाइनें, लोहागढ़ किले का सौंदर्यीकरण, आधुनिक विश्राम गृह, फॉरेंसिक साइंस लैब, आयुर्वेदिक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा कॉलेज, महिला आईटीआई कॉलेज, बस स्टैंड, सड़क एवं पुलिया निर्माण सहित अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना ही उसकी कार्य संस्कृति है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, किसानों का कल्याण, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
Tags: Bhajanlal Sharma, Bharatpur News, Rajasthan Government, Mission Padho Rajasthan, DBT Scheme, School Uniform Scheme, Bharatpur Development, Deeg News, Education News, Rajasthan News
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.